Badaun News: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हुए चर्चित चंद्रनाथ रथ जो सुवेंदु अधिकारी के पीए थे उनके हत्याकांड की जांच करने उत्तर प्रदेश पहुंची बंगाल पुलिस को गूगल मैप ने चकमा दे दिया। पुलिस टीम को असल में संभल जिले के गुन्नौर जाना था, लेकिन तकनीकी त्रुटि और लोकेशन के भ्रम के कारण टीम रास्ता भटककर बदायूं मुख्यालय पहुंच गई।
जांच टीम को प्रारंभिक इनपुट मिले थे कि हत्याकांड से जुड़ा एक संदिग्ध उत्तर प्रदेश के इस इलाके में छिपा हो सकता है। बंगाल पुलिस ने लोकेशन ट्रैक करने के लिए गूगल मैप का सहारा लिया, जिसने उन्हें बदायूं का रास्ता दिखा दिया। बदायूं पहुंचने पर जब टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और जानकारी साझा की, तब जाकर स्पष्ट हुआ कि जिस गुन्नौर क्षेत्र की उन्हें तलाश है, वह अब बदायूं में नहीं बल्कि संभल जिले का हिस्सा है।
बदायूं की एसएसपी अंकिता शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बंगाल पुलिस की टीम साक्ष्यों के संकलन और एक संदिग्ध की तलाश में आई थी। दरअसल, गुन्नौर क्षेत्र पहले बदायूं जिले में ही शामिल था, लेकिन संभल के नया जिला बनने के बाद यह क्षेत्र वहां स्थानांतरित हो गया। पुरानी भौगोलिक जानकारी या मैप अपडेट न होने के कारण यह भ्रम पैदा हुआ।
बदायूं से सही रास्ता पता चलने के बाद टीम तत्काल संभल के गुन्नौर रवाना हुई। वहां स्थानीय पुलिस की मदद से संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई और छानबीन की गई। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद भी टीम के हाथ कोई महत्वपूर्ण तथ्य या संदिग्ध व्यक्ति नहीं लग सका। अंततः टीम को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही कि कैसे एक तकनीकी चूक ने हाई-प्रोफाइल केस की जांच में पुलिस का कीमती समय बर्बाद कर दिया।

0 टिप्पणियाँ